Haldwani: हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, संपत्ति विवाद, बैंकिंग शिकायतें, पारिवारिक विवाद, जाति प्रमाण पत्र, रोजगार और सड़क निर्माण जैसे गंभीर मामले प्रमुख रूप से सामने आए।
कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी निवासी गुरुवचन कौर ने बिजनेस पार्टनरशिप में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि यदि संबंधित कंपनी बंद हो चुकी है तो इसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कंपनी को पूर्व लेनदेन का पूरा विवरण, मासिक लाभ, बैंक स्टेटमेंट प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार शिकायतकर्ता की देय राशि वापस करने के निर्देश दिए।
मोटाहल्दू निवासी कमला देवी ने पड़ोसी द्वारा खेत का ढलान बदलकर जलभराव उत्पन्न करने और मकान को नुकसान पहुंचाने का मामला उठाया। आयुक्त की पहल पर दोनों पक्षों के बीच सुलह कराते हुए विवाद का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
रामनगर निवासी प्रियांशु मनराल द्वारा संपत्ति की धनराशि वापस न मिलने तथा मंगोली निवासी शंकर सिंह द्वारा प्लॉट अनुबंध निरस्त होने के बाद धन वापसी की शिकायत पर तहसीलदार को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रामनगर निवासी बलजीत सिंह की सामान्य जाति प्रमाण पत्र संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने तहसीलदार को नियमानुसार शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं हल्द्वानी निवासी अंजू भारती की धोखाधड़ी संबंधी शिकायत पर लेखपाल को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
फ्रेंड्स कॉलोनी, तल्ली हल्द्वानी निवासी गोपाल राम ने बैंक प्रबंधक द्वारा खाते की जानकारी न देने की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने बैंक प्रबंधक को तत्काल बुलाकर शिकायत का समाधान सुनिश्चित कराया।
कालाढूंगी निवासी हिमांशु पलड़िया एवं अन्य लोगों ने सीलिंग भूमि की अवैध बिक्री का मामला उठाया। आयुक्त ने संबंधित भूमि विक्रेता के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए ताकि मुकदमा दर्ज किया जा सके। साथ ही अपर जिलाधिकारी को सीलिंग भूमि से जुड़े मामलों की नियमित सुनवाई, लंबित पांच प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा आवश्यकतानुसार विवादित भूमि पर स्टे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोरियासाल निवासी सीमा रौतेला की दहेज और सामान वापसी संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने दोनों पक्षों को विवादित सामान की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की सलाह दी, ताकि न्यायालयीन प्रक्रिया में उसका उपयोग किया जा सके।
डॉक्टर्स लेन, हल्द्वानी निवासी रश्मि पवार ने आरोप लगाया कि उनके दो प्लॉट गलत तरीके से बेच दिए गए। इस पर आयुक्त ने संबंधित व्यक्ति को बाजार मूल्य के अनुसार धनराशि वापस करने के निर्देश दिए।
हल्दुचौड़ निवासी नीतू पांडे की दुग्ध संघ लालकुआं में संविदा कर्मी के रूप में सेवा से जुड़े मामले पर आयुक्त ने अगले जनता दरबार में दुग्ध संघ के महाप्रबंधक को तलब करने का आश्वासन दिया।
किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़े सीसी मार्ग निर्माण की मांग रखी। आयुक्त ने मंडी समिति हल्द्वानी को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी की एक संविदा महिला कर्मचारी की सेवा समाप्ति संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने न्यायालय के अंतिम निर्णय और अगली सुनवाई तक संबंधित कर्मचारी को कार्य पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम के अंत में आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।


Chief Editor, Aaj Khabar
