Haldwani: शनिवार को हल्द्वानी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान आयुक्त/सचिव एवं मा0 मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि दीपक रावत ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने तीनपानी ओवर ब्रिज एवं बाईपास से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की।
आयुक्त रावत ने विगत 2 मई को तीनपानी ओवर ब्रिज और बाईपास के निरीक्षण के दौरान आमजन द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के क्रम में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और स्थानीय नागरिकों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में उन्होंने एनएचएआई, लोनिवि, सिंचाई और रेलवे विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अंडरपास से संबंधित मुद्दा यदि पूर्व में स्वीकृत रहा है और इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है, तो निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
इस अवसर पर बैठक में डीएफओ हल्द्वानी कुंदन कुमार, डीएफओ तराई हिमांशु, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य अभियंता सिंचाई संजय शुक्ला, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी रेखा कोहली, तहसीलदार हल्द्वानी मनीषा बिष्ट, तहसीलदार लालकुआं कुलदीप पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनता मिलन में आई शिकायतों पर तत्काल संज्ञान
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी निवासी नेहा ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने वर्ष 2018 में 22 तोला सोना एक स्थानीय ज्वैलर्स के पास 3% ब्याज पर गिरवी रखा था, जिसे अब ज्वैलर्स लौटाने से इंकार कर रहा है। दोनों पक्षों की उपस्थिति में हुई सुनवाई में ज्वैलर्स ने आभूषण गिरवी रखने की बात स्वीकार की। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के ब्याज पर लेन-देन करना कानूनन अपराध है। ज्वैलर्स ने आश्वासन दिया कि वर्तमान दर के अनुसार वह डेढ़ माह में पूरी धनराशि लौटा देगा।
अन्य प्रमुख शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
कार्यक्रम में विजयपुर गौलापार निवासी धर्मानंद ने अपने आवास के पास स्थित जीर्ण-शीर्ण वृक्ष को हटवाने का अनुरोध किया, जिस पर आयुक्त ने वन विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों द्वारा ग्राम प्रधान की दिल्ली में स्थायी निवास की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त बम्बाघेर रामनगर निवासी मदन माहेश्वरी ने छोई ग्राम में 8 बीघा भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, शंकर सिंह खाती ने पातालभुवनेश्वर मोटर मार्ग निर्माण में गुणवत्ता की कमी की ओर ध्यान दिलाया, तथा मुन्नी देवी (हिम्मतपुर) ने भी भूमि पर अवैध कब्जे की बात कही। इन सभी मामलों पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
