Haldwani: हल्द्वानी में 230 करोड़ रुपये की लागत से यूयूएसडीए द्वारा संचालित सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनाओं में देरी पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कड़ी नाराजगी जताई है। मंगलवार को उन्होंने कैंप कार्यालय से मंगल पड़ाव और शनि बाजार क्षेत्र तक निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने और यूयूएसडीए अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने शहर में निर्माण कार्यों के कारण विभिन्न स्थानों पर बने गड्ढों और आमजन को हो रही परेशानियों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही सड़क खोदने के बाद उसकी समय पर पुनर्स्थापना और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बरेली रोड पर हाल ही में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने बताया कि एनएचएआई के साथ समन्वय कर दुर्घटना संभावित स्थान पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से गलत दिशा में वाहन न चलाने की अपील करते हुए एनएचएआई अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जल्द साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए।
दीपक रावत ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता होगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
