Haldwani: नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में जिले में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में जिला, राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं के साथ-साथ 20-सूत्री एवं 25-सूत्री कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागों को जिस उद्देश्य के लिए धनराशि आवंटित की गई है, उसका उपयोग उसी कार्य में किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं से वसूली की जाएगी। सभी निर्माण कार्य समय पर पूरे हों, इसके लिए निविदा प्रक्रिया समय से पूरी करने और प्रत्येक कार्यस्थल पर साइट इंजीनियर की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और कार्यों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रोजगारपरक योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों को प्राथमिकता देने को कहा।
कृषि, उद्यान और सहकारिता विभाग को किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक, बीज, कृषि यंत्र एवं अन्य उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं सिंचाई विभाग को नहरों और गूलों की समय पर मरम्मत कर किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।
मानसून को पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय बताते हुए जिलाधिकारी ने वन, उद्यान, कृषि, सहकारिता, भेषज और विकास विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान कई कार्य प्रारंभ न होने पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को टीम गठित कर सभी कार्यस्थलों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए।
उरेडा विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस वर्ष उपलब्ध धनराशि से सोलर लाइटें प्राथमिकता के आधार पर उन क्षेत्रों में लगाई जाएं, जहां मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार हो रही हैं, घने जंगलों से सटे गांव हैं तथा जिले के शैडो एरिया वाले स्थान शामिल हैं।
बेतालघाट में लोक निर्माण विभाग रामनगर खंड द्वारा लगभग 90 लाख रुपये की लागत से बनाई गई ट्रॉली का संचालन अब तक शुरू न होने और कार्य अधूरा रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश देते हुए प्रस्ताव से लेकर वर्तमान तक जिम्मेदार अधिकारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, विद्युत और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य से पीछे चल रहे विभागों को विशेष अभियान चलाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
20-सूत्री एवं 25-सूत्री कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान उन्होंने डी श्रेणी में चल रहे विभागों को विशेष प्रयास कर ए श्रेणी में लाने, लाभार्थी चयन में पारदर्शिता बनाए रखने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को लंबित कार्यों की कारण सहित आख्या प्रस्तुत करने तथा अगले 15 दिनों में उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
