Haldwani: बनभूलपुरा क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो समुदायों के बीच झगड़े और पथराव की घटना से शहर में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुल 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक पक्ष के कुछ लोग टेंपो में बैठकर शराब पी रहे थे। इसका विरोध दूसरे समुदाय के लोगों ने किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई और फिर पथराव में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर रवाना कर दिया। हालांकि, कुछ देर बाद कब्रिस्तान गेट के पास दोबारा पथराव शुरू हो गया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
पुलिस को दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 115, 191(2) और 352 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद 11 आरोपियों में शारिक अंसारी, मोहम्मद तारिक अंसारी, मोहम्मद कामिल अंसारी, शादाब अंसारी, अदनान अंसारी (सभी निवासी सफदर का बगीचा), तथा कुणाल सागर, अजय उर्फ लारा, शुभम सागर, सत्यकाम उर्फ गबरू, रोहन और अश्वनी कुमार (सभी निवासी कब्रिस्तान गेट के पास) शामिल हैं।
एसपी सिटी प्रकाश चंद ने जानकारी दी कि पुलिस ने अब तक मोहम्मद तारिक, मोहम्मद कामिल, शादाब, अदनान अंसारी, शारिक अंसारी, सत्यकाम उर्फ गबरू और शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
