Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: दिल्ली महारैली में उत्तराखंड से जुटेंगे कांग्रेसजन, SIR में कटे वोटों को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी

Haldwani: दिल्ली महारैली में उत्तराखंड से जुटेंगे कांग्रेसजन, SIR में कटे वोटों को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी
शेयर करे-

Haldwani: कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम कटने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को हल्द्वानी के होटल सौरभ में आयोजित प्रेसवार्ता में अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने कहा कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे। महारैली के बाद प्रदेशभर में अभियान को और गति दी जाएगी।

दीपक राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। SIR प्रक्रिया के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उन्हें दोबारा सूची में शामिल कराने के लिए कांग्रेस के वोट रक्षक पोर्टल की मदद ली जाएगी। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट (BLA) को पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर चौपालों का आयोजन कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2027 यानी मिशन 2027 की तैयारियों को गति दी जाएगी। कांग्रेस का लक्ष्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने के साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाना है।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और पारदर्शी होना आवश्यक है। किसी भी व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नहीं होना चाहिए। विवाह या स्थायी रूप से निवास बदलने की स्थिति में मतदाता का नाम वर्तमान निवास क्षेत्र की सूची में दर्ज होना चाहिए, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं काटा जाना चाहिए।

उन्होंने उत्तराखंड में लगभग 10 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मुद्दे को गंभीर बताते हुए पारदर्शी तरीके से तथ्यों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाने के लिए राहुल गांधी की सराहना भी की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर अपनी व्यक्तिगत राय रखते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का अपना स्वाभिमान है। प्रदेश के लाखों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर अपनी मेहनत और प्रतिभा से योगदान दे रहे हैं। किसी भी भारतीय नागरिक को दूसरे प्रदेश में रहने या रोजगार करने के आधार पर घुसपैठिया कहना उचित नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव से बयान का संदर्भ स्पष्ट करने की बात कही। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनके विचार व्यक्तिगत हैं और इन्हें कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक राय नहीं माना जाना चाहिए।

EVM की विश्वसनीयता पर विधायक ने कहा कि इस विषय पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि EVM की तकनीकी जांच प्रतिष्ठित IIT संस्थानों के विशेषज्ञों और स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों से कराई जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि पार्टी लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जिले से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पात्र मतदाताओं की सहायता की जाएगी। इसके लिए BLA को प्रशिक्षित करने और संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।

प्रेसवार्ता के बाद दीपक राठौड़ ने कांग्रेस के विधानसभा प्रभारियों और BLA-1 के साथ बैठक की। इसमें विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे। बैठक में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को प्रभावी बनाने, SIR के दौरान मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं, वोट रक्षक पोर्टल के उपयोग और BLA के प्रशिक्षण पर चर्चा की गई। साथ ही विधानसभा स्तर पर चौपालों के आयोजन और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए मिशन 2027 की तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।

इस दौरान हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, गणेश उपाध्याय, सतीश नैनवाल, शोभा बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, जया पाठक, नरेश अग्रवाल, डॉ. मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, संजय किरोला, बहादुर बिष्ट, दीप चंद्र पाठक, महेश कांडपाल, मोहन बिष्ट, किरण माहरा, इंदर पाल आर्य, बिपिन खोलिया, गिरीश पांडे, गुरजीत सिंह गित्ते, मनोज शर्मा, परिमल रॉय, दीपक किरोला, तेज राम आर्य, शंकर कोहली सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *