Haldwani: बढ़ती महंगाई और चीनी समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को तिकोनिया चौराहे पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। “महंगी चीनी, फीकी चाय” कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमजन और राहगीरों को बिना चीनी की चाय पिलाकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है और अब चाय की मिठास तक प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगी चीनी, फीकी चाय”, “महंगाई पर लगाम लगाओ” और “आम जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाए।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि चीनी, खाद्य तेल और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान महंगाई का असर और अधिक महसूस होता है, क्योंकि परिवारों का बजट मिठाई और अन्य आवश्यक खरीदारी पर भी प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर महंगी खाद्य सामग्री का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ सकता है। सरकार को केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर आम जनता की वास्तविक परेशानियों को समझना चाहिए और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार आम आदमी पर बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि पर्याप्त स्टॉक होने के दावों के बावजूद चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी क्यों हो रही है। साथ ही उन्होंने जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “फीकी चाय” केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं, बल्कि उस आम आदमी की आवाज है जिसकी छोटी-छोटी खुशियां भी महंगाई से प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं के दामों पर नियंत्रण, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा आम परिवारों को राहत देने की मांग की।
कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
