Haldwani: उत्तराखंड की जनता और राज्य निर्माण की भावना का अपमान करने वाले बयान को लेकर हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा सरकार के वरिष्ठ मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा सदन में पहाड़ियों को लेकर दिए गए अपमानजनक बयान के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।
महानगर कांग्रेस ने मंत्री अग्रवाल के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे उत्तराखंड के मूल निवासियों के स्वाभिमान पर चोट करार दिया। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि मंत्री को अविलंब सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि ऐसे अपमानजनक विचार रखने वाले मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। पुतला दहन कार्यक्रम में ललित जोशी, सतीश नैनवाल, भोला दत्त भट्ट, हरीश पनेरू, जीवन कार्की, मलय बिष्ट, नरेश अग्रवाल, जया कर्नाटक, मुकुल बलुटिया, सुहैल सिद्दकी, महेशानंद, सतनाम सिंह, राधा आर्या, मनोज शर्मा, लाल सिंह पवार, गजेंद्र गोनिया सहित कई कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाया, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
