Haldwani: आवश्यक स्वास्थ्य जांचों और सेवाओं की दरों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने किया, जिसमें भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए पुतला दहन किया गया।
विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को व्यापार बना रही है, जबकि यह नागरिकों का बुनियादी अधिकार है। उन्होंने कहा, “सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।”
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की दरों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में उपचार महंगा होने के कारण लोगों के निजी अस्पतालों की मनमानी दरों में फंसने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मांग की कि स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ी हुई दरें तुरंत वापस ली जाएं और सरकारी अस्पतालों में निशुल्क या सस्ती दरों पर इलाज सुनिश्चित किया जाए।
इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट, हेम पांडे, विधायक प्रतिनिधि जीवन कार्की, पूर्व राज्य मंत्री सुहैल सिद्दीकी, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, डॉ. मयंक भट्ट, महिला अध्यक्ष कमला सनवाल समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
