Haldwani: हल्द्वानी में आयोजित सहकारिता मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “सहकारिता से पर्यटन विकास” थीम पर आधारित यह मेला स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए एक मजबूत आर्थिक मंच सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और महिलाओं व उत्पादकों की आमदनी में सीधा लाभ होगा।
सीएम धामी ने सहकारिता को मानव समाज का मूल सिद्धांत बताते हुए कहा कि आधुनिक समय में इसकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किए जाने को उन्होंने सहकारिता की वैश्विक महत्ता का प्रमाण बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं। केंद्र में अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन, सहकारिता समितियों का डिजिटलाइजेशन, जन औषधि सेवाओं का विस्तार और कॉमन सर्विस सेंटरों के रूप में समितियों की स्थापना इसका बड़ा उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की 5511 समितियों में से 3838 समितियों का डेटा राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर अपलोड किया जा चुका है, जबकि 671 समितियों का कंप्यूटरीकरण पूरा हो चुका है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए सीएम धामी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि प्रदेश में अब तक लगभग 1 लाख 70 हजार महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है।
कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और सहकारी समितियों के लिए 16.97 करोड़ रुपये तथा NRLM समूहों के लिए 75.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता मेला पर्यटन को एक नई दिशा देने के साथ स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूत करेगा।
हल्द्वानी में बड़े विकास कार्य गति पर
सीएम धामी ने बताया कि हल्द्वानी क्षेत्र में कई परियोजनाएं तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं—
- कैंसर संस्थान का निर्माण जारी
- रिंग रोड और हल्द्वानी–लालकुआं बायपास का कार्य प्रगति पर
- सभी नगर निगम सड़कों का सुधारीकरण
- पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में विकसित करने के लिए 1000 एकड़ भूमि हस्तांतरण
- जमरानी बांध परियोजना से जल संकट समाधान की उम्मीद
- हल्द्वानी–मुंबई लालकुआं एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन
- देश का पहला एस्ट्रो पार्क निर्माणाधीन
- प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी में स्थापित होने की प्रक्रिया जारी
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सीवेज प्रॉजेक्ट शुरू
- 450 वाहनों की क्षमता वाला बहुमंजिला पार्किंग निर्माणाधीन
- हल्द्वानी से लगे क्षेत्र में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी विकास प्रगति पर
कानून-व्यवस्था पर कठोर रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि—
- राज्य में सख्त धर्मांतरण कानून लागू
- 10,000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि लैंड जिहाद से मुक्त
- 250 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त
- मदरसा बोर्ड समाप्त
- “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत छद्मभेषधारियों पर कार्रवाई
- देश का पहला समान नागरिक संहिता लागू
- सबसे कठोर नकल-विरोधी कानून के बाद 4 साल में 26,000 युवाओं को सरकारी नौकरी
- भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से हल्द्वानी व पूरे जिले में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं और सहकारिता मेला स्थानीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जिले के कई जनप्रतिनिधि, सहकारिता प्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएँ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
