Haldwani: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के उपलक्ष्य में मानव विकास सेवा संस्थान, हल्द्वानी द्वारा पारंपरिक पाँच दिवसीय 25वां शरदोत्सव मेला इस वर्ष बेहद भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। यह सांस्कृतिक उत्सव 10 से 14 नवंबर 2025 तक श्री रामलीला मैदान, हल्द्वानी में संपन्न होगा।
मेले का शुभारंभ 10 नवंबर को होगा, जिसमें उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, हस्तशिल्प, लोक संगीत, पारंपरिक वाद्य यंत्र, लोकनृत्य और स्वादिष्ट उत्तराखंडी व्यंजन विशेष आकर्षण रहेंगे।
संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक विक्की योगी ने बताया कि यह आयोजन जिला एवं नगर प्रशासन के संरक्षण में किया जा रहा है। आयोजन में वॉकवे मॉल के प्रबंध निदेशक नीरज शारदा और कृष्णा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. जे.एस. खुराना का विशेष सहयोग रहेगा।
मेला प्रदेशभर की संस्थाओं, विद्यालयों, कॉलेजों और युवा कलाकारों के लिए मंच प्रदान करेगा। इसके साथ ही बॉलीवुड कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियाँ इस आयोजन को और भी मनोरंजक बनाएंगी।
यह भव्य मेला उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और एकता का प्रतीक होगा तथा स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर देगा।
कार्यक्रम की संचालन समिति में संस्कृत संयोजक गिरीश बरगली, रंगकर्मी एवं प्रसिद्ध ब्लॉगर ज्योति अधिकारी, लोकगायक जगदीश उपाध्याय, गिरीश खाती, डॉ. प्रदीप उपाध्याय, शंकर कोहली, साक्षी बेलवाल, पूनम चंद्र, प्रेम कुमार, कविता बिष्ट, और डॉ. ईना पवलीन खुराना सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
