Haldwani: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर बुधवार को शीशमहल हल्द्वानी में जिला उद्योग केंद्र, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (रीप) और एनआरएलएम के संयुक्त तत्वावधान में “मल्टी स्टेक बायर-सेलर मीट” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती रेनू अधिकारी, विशिष्ट अतिथि नगर निगम हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट तथा मुख्य विकास अधिकारी अनामिका द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने बताया कि इस मीट का उद्देश्य जनपद के स्थानीय उत्पादकों को अपने फ़ार्म, नॉन-फार्म, कृषि एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों की बिक्री के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है, जिससे क्रेताओं और विक्रेताओं के बीच सीधा संबंध स्थापित हो सके।
कार्यक्रम में 50 स्टाल लगाए गए, जिनमें मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के 20, रीप परियोजना के 10, जिला उद्योग केंद्र के 10 और एनआरएलएम के 10 स्टाल शामिल रहे। इन स्टालों के माध्यम से उद्यमियों ने न केवल अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया बल्कि उनकी निर्माण यात्रा और प्रेरक कहानियाँ भी साझा कीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न उद्यमियों के साथ संवाद किया और उनके उत्पादों की सराहना की। मीट में करीब 60 खरीदार और 80 विक्रेता शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य विक्रेताओं को खरीदारों से सीधे जोड़कर उनकी आजीविका में वृद्धि करना और स्थानीय उत्पादों को नए बाजार प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान खरीदारों और विक्रेताओं ने आपसी अनुभव साझा करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन रणनीतियों और संभावित व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा की।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता, सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंदा फर्त्याल, प्रबंधक दीपक जोशी, रीप के अरुण अधिकारी, हरीश तिवारी सहित अनेक अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

