Headlines

Haldwani: सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यशाला 3.0 का भव्य शुभारंभ, 200 प्रतिनिधियों ने किया स्टेज मार्च

Haldwani: सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यशाला 3.0 का भव्य शुभारंभ, 200 प्रतिनिधियों ने किया स्टेज मार्च
शेयर करे-

Haldwani: सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सिंथिया मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यशाला 3.0 का सोमवार को भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय कार्यशाला में विभिन्न कमेटियों के तहत प्रतिभाग कर रहे प्रतिनिधियों ने अपने अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के साथ स्टेज मार्च किया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेयी रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एपी बाजपेयी, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीन्द्र कुमार रौतेला, वंडर ब्रेन के अध्यक्ष नीरज जोशी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक गणेश वंदना, स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया। अतिथियों को पौधे और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने, उन्हें बनाए रखने और देश व समाज के लिए बेहतर नेतृत्व विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में दूसरों को सुनने, उचित प्रश्न पूछने और तथ्यपरक जानकारी के आधार पर अपनी बात को विश्वसनीय ढंग से रखने जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश का भविष्य वही होगा, जिसे आज के युवा अपने विचारों, नेतृत्व और निर्णयों से तैयार करेंगे। इसलिए युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नेतृत्व को समझना आवश्यक है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करता रहा है। मॉडल यूनाइटेड नेशंस कार्यशाला का तीसरा संस्करण विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें विकसित करने तथा अन्य प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों से नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करता है।

इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री फरहीन प्रभाकर ने कहा कि नेतृत्व क्षमता के साथ कभी हार न मानने का गुण एक सच्चे नेता की सबसे बड़ी पहचान है।

दो दिवसीय कार्यशाला में करीब 200 प्रतिनिधि विभिन्न देशों और राजनीतिक विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतिभागी लोकतांत्रिक तरीके से चर्चा, वाद-विवाद और सामंजस्य स्थापित करते हुए शोध आधारित तथ्यों को अपनी-अपनी समितियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे तथा किसी सर्वमान्य निर्णय तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।

कार्यशाला के दौरान यूनेस्को कमेटी डिजिटल पहुंच की चुनौतियों और वैश्विक शिक्षा में उसकी स्वीकार्यता पर चर्चा करेगी। ईकोसॉक वैश्विक गरीबी और आर्थिक असमानता के मुद्दे पर विचार-विमर्श करेगा, जबकि यूनिसेफ बच्चों के जीने, सीखने और अपनी पूर्ण क्षमता तक पहुंचने के अधिकारों पर चर्चा करेगा।

अखिल भारतीय राजनीतिक दलों की समिति में भारतीय लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका, प्रतिनिधित्व और भागीदारी पर मंथन होगा। आईपीएल समिति संतुलित एवं प्रतिस्पर्धी क्रिकेट टीम निर्माण और संसाधन प्रबंधन जैसे विषयों पर चर्चा करेगी। वहीं फीफा समिति फुटबॉल से जुड़े विषयों और अंतरराष्ट्रीय प्रेस समिति जिम्मेदार पत्रकारिता तथा डिजिटल युग में गलत सूचना के मुद्दे पर विचार-विमर्श करेगी।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक सुरेश चंद्र मिश्रा, अकादमिक कोऑर्डिनेटर बीबी जोशी, महेश जोशी, वरिष्ठ कोऑर्डिनेटर प्रदीप मित्रा, बीसी सती, हेमा तिवारी, केसी पंत, नीमा पांडेय, पिंकी चौहान, कैथरीन, सूरज जोशी, बीएस बजेठा, आईडी जोशी, कोमल बिष्ट, शीला बिष्ट, वंडर ब्रेन के अध्यक्ष नीरज जोशी, प्रबंध निदेशक कृतिका त्रिपाठी सहित प्रशिक्षक, समिति अध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *