Headlines

Haldwani: आईजी-एसएसपी आवास से 100 मीटर दूर बद्रीपुर में दिनदहाड़े चोरी, किराएदार बनकर आए शातिर ने बुजुर्ग महिला का लाखों का स्टील बक्सा उड़ाया

Haldwani: आईजी-एसएसपी आवास से 100 मीटर दूर बद्रीपुर में दिनदहाड़े चोरी, किराएदार बनकर आए शातिर ने बुजुर्ग महिला का लाखों का स्टील बक्सा उड़ाया
शेयर करे-

Haldwani: शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि हल्द्वानी के पॉश इलाके बद्रीपुर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। आईजी और एसएसपी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर एक शातिर चोर ने किराएदार बनकर बुजुर्ग महिला को झांसे में लिया और घर से लाखों रुपये के जेवरात व नकदी से भरा स्टील का बक्सा लेकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़िता बद्रीपुर निवासी दया नेगी ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे एक युवक उनके घर पहुंचा और कमरा किराए पर लेने की बात कही। महिला जब उसे नीचे का कमरा दिखाने लगी तो युवक ने पत्नी को बुलाने की बात कहकर ध्यान भटकाया। इसी दौरान वह ऊपर के फ्लोर पर पहुंचा और भारी-भरकम स्टील का बक्सा कंधे पर उठाकर निकल गया।

जब महिला वापस कमरे में लौटी तो बक्सा गायब देख उसके होश उड़ गए। बक्से में करीब 5 लाख रुपये से अधिक के जेवरात, कपड़े और नकदी रखी थी। घटना की सूचना स्थानीय पार्षद रवि जोशी को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पार्षद रवि जोशी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस इलाके में आईजी, एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों के आवास हैं, वहां से इतनी नजदीक दिनदहाड़े चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं और उनके दोनों बेटे बाहर नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के खुलासे की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर स्टील का बक्सा कंधे पर उठाकर बेखौफ तरीके से निकल जाता है, जिसने पुलिस की सतर्कता को एक बार फिर चुनौती दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *