Haldwani: जनपद ऊधमसिंहनगर के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी सुखवन्त सिंह द्वारा 10/11 जनवरी 2026 की रात्रि काठगोदाम, हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड ने उच्चस्तरीय कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस प्रकरण की गहन जांच हेतु नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय SIT गठित की गई है। SIT में पुलिस अधीक्षक चम्पावत अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट तथा उपनिरीक्षक मनीष खत्री को शामिल किया गया है।

निष्पक्ष जांच के उद्देश्य से प्रकरण से जुड़े 12 पुलिस कर्मियों—जिसमें 3 उपनिरीक्षक, 1 अपर उपनिरीक्षक, 1 मुख्य आरक्षी और 7 आरक्षी शामिल हैं—को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज के जनपद चमोली और रुद्रप्रयाग स्थानांतरित कर दिया गया है।
इसके साथ ही मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और ई-मेल के माध्यम से लगाए गए आरोपों के तथ्यों का विस्तृत परीक्षण कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
