Headlines

Uttarakhand: जनेऊ संस्कार से लौटते समय खाई में गिरी कार, देवरानी-जेठानी की मौत

Haldwani Newss
शेयर करे-

Uttarakhand: मकर संक्रांति पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब राम मंदिर-चाकबोरा मोटर मार्ग पर एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में देवरानी और जेठानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं भतीजे के जनेऊ संस्कार में शामिल होकर कोटेश्वर महादेव मंदिर से घर लौट रही थीं।

बेड़ीनाग से करीब 25 किलोमीटर दूर राम मंदिर-चाकबोरा मोटर मार्ग पर बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे कार (यूके टीएए-5128) सड़क से फिसलकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में चालक सहित दो महिलाएं सवार थीं। हादसे में राम मंदिर ग्वाल निवासी हीरा देवी (44) पत्नी स्व. नरेंद्र सिंह और उमा देवी (45) पत्नी स्व. पूरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। चालक गोकुल कुमार आगरी (28) पुत्र मदन राम निवासी बोराआगर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर कोतवाल नरेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायल को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया और सीएचसी बेड़ीनाग पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सक डॉ. श्वेता के अनुसार, चालक के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बताया गया कि उमा देवी और उनकी देवरानी हीरा देवी अपने परिवार के साथ पैतृक गांव ग्वाल में रहती थीं। उनका देवर, पूर्व सैनिक राजेंद्र बिष्ट, परिवार सहित बेड़ीनाग में रहता है। राजेंद्र के बेटे आयुष का बुधवार को कोटेश्वर महादेव मंदिर में जनेऊ संस्कार हुआ था। इसी कार्यक्रम में शामिल होकर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *