Headlines

Ramnagar: रामनगर में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, नहर किनारे खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी

Ramnagar: रामनगर में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, नहर किनारे खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी
शेयर करे-

Ramnagar: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 18 वर्षीय युवक की पत्थर से सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, रामनगर के मोहल्ला गूलरघट्टी में भगवान दास की चक्की के पीछे सिंचाई नहर के किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। कुछ ही देर में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मामले की सूचना पर रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त समीर उर्फ लक्की (18 वर्ष), निवासी आदर्श नगर कॉलोनी रामनगर के रूप में हुई। शव मिलने की खबर पर परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के बड़े भाई इमरान ने बताया कि समीर बुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह नहर किनारे उसका लहूलुहान शव मिलने की सूचना मिली। इमरान ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने अहम साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *