Haldwani: हल्द्वानी में स्टोन क्रेशरों में घुसकर दबंगई करने और कर्मचारियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज का मामला सामने आया है। स्टोन क्रेशर स्वामियों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व क्रेशरों में जबरन घुस रहे हैं और उन्हें डरा-धमकाकर अधिक भाड़ा देने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर उद्योग बंद कराने की धमकी दी जा रही है। इससे आहत क्रेशर स्वामियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
कुमाऊं स्टोन क्रेशर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में बताया कि हल्द्वानी-लालकुआं क्षेत्र में करीब 15 स्टोन क्रेशर उद्योग हैं, जो बड़े पैमाने पर राजस्व और रोजगार उपलब्ध कराते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग समूह में आकर क्रेशर स्वामियों और कर्मचारियों को धमका रहे हैं। शनिवार रात से रविवार दोपहर तक लगभग सभी क्रेशरों में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज की गई। यहां तक कि उपखनिज से भरे वाहनों को जबरदस्ती खाली कराया जा रहा है, जिससे कारोबार ठप पड़ गया है।
क्रेशर स्वामियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में अभिषेक अग्रवाल, बच्ची राम शर्मा, कुलवंत नागपाल, विजय सिसौदिया, चरणजीत सेठी, भुवन शर्मा, अनिल अग्रवाल, विवेक मिश्रा, बसंत जोशी, सुनील तलवाड़, चिराग, विवेक अग्रवाल, सुमित पटवारी समेत 14 क्रेशर स्वामियों के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कड़े कदम उठाने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

