Headlines

Haridwar: हरि सेवा आश्रम में संत सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले उत्तराखण्ड को बनाएंगे विश्व की आध्यात्मिक राजधानी

Haridwar: हरि सेवा आश्रम में संत सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले उत्तराखण्ड को बनाएंगे विश्व की आध्यात्मिक राजधानी
शेयर करे-

Haridwar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरि सेवा आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन में प्रतिभाग कर संत-महात्माओं का अभिनंदन किया। उन्होंने आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा, संस्कार और समाज जागरण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना का संवाहक रहा है। इतिहास में संतों और मनीषियों ने समाज को दिशा देने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में संत समाज की भूमिका अतुलनीय है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए युग का साक्षी बन रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्य भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए हैं। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। वहीं हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान भी स्थापित किया जा रहा है, जहां भारतीय दर्शन, संस्कृति और सभ्यता पर शोध कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिचेतानन्द जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए संत समाज से राज्य और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद देने का आग्रह किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा सहित अनेक संतगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *