Dehradun: देहरादून में 25 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल के 24 परगना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तपन बिस्वास और उत्तम कुमार दास के रूप में हुई है।
मामला मार्च 2026 का है, जब देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिए तथा उनकी कंपनी के बैंक खाते से लगभग 24.95 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को पश्चिम बंगाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद एसटीएफ की टीम 14 जून को पश्चिम बंगाल रवाना हुई और 18 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 13 डेबिट कार्ड, 3 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, ब्लैंक चेक तथा बैंक खाते खोलने से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग विवरण साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। जांच में यह भी सामने आया कि उत्तम कुमार दास के बैंक खाते में पीड़ित की ठगी गई रकम दूसरी लेयर में ट्रांसफर की गई थी, जबकि तपन बिस्वास संदिग्ध बैंक खातों के संचालन और धन के लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी संगठित साइबर अपराध गिरोह के लिए बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम करते थे। मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
