Haldwani: नैनीताल जिले की प्रस्तावित जिला योजना वर्ष 2026-27 को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में महत्वपूर्ण पूर्व तैयारी बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के प्रस्ताव तैयार करते समय जनता की मूलभूत आवश्यकताओं, क्षेत्रीय प्राथमिकताओं, स्वरोजगार आधारित योजनाओं तथा अधूरे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाएं ऐसी हों जिनसे सीधे आम जनता को लाभ मिले और सरकारी धन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विकास योजनाओं का लाभ तेजी से आम नागरिकों तक पहुंचे, इसके लिए व्यवहारिक और जनहितकारी प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
उन्होंने उद्यान, कृषि, मत्स्य, दुग्ध विकास और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘डवटेलिंग’ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जोड़ते हुए क्लस्टर आधारित विकास को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भूमिहीन, छोटे किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को लाभ पहुंचाने वाले अवसर सृजित करना अत्यंत आवश्यक है।
गर्मी के मौसम में ट्यूबवेल खराब होने की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने उनके मरम्मत कार्य और स्टेबलाइजर खरीद के लिए बजट में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में पर्यटन स्थलों के विकास को भी योजना में शामिल करने को कहा गया। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
सरकारी कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। साथ ही पिछले वर्ष की जिला योजना के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि इस वित्तीय वर्ष में उनका लाभ जनता तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी प्राथमिकताओं को भी शामिल किया जाए, क्योंकि वे क्षेत्र की समस्याओं से भलीभांति परिचित होते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी सप्ताह में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला योजना 2026-27 की बैठक आयोजित की जाएगी। इससे पहले सभी विभाग अपने प्रस्ताव जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
