Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में एडीबी सहायतित परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीबी वित्त पोषित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के तहत हल्द्वानी शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए सभी एडीबी से जुड़े कार्य मानसून से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए कुलदीप सिंह ने अवगत कराया कि विभिन्न कार्यों के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां लेने की प्रक्रिया जारी है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग, कार्यदायी संस्थाएं और अन्य स्टेकहोल्डर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया जाना है, वहां लोक निर्माण विभाग और कार्यदायी संस्था शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही नगर आयुक्त और उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक सप्ताह कार्यदायी संस्थाओं के साथ स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
बैठक में शनि बाजार नाले को सिंचाई नहर में मिलाने से किसानों को हो रही समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों के साथ तत्काल बैठक कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बरेली रोड पर चिह्नित अतिक्रमण को शीघ्र हटाने के भी आदेश दिए गए।
नमो भवन के निर्माण की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शासन से वित्तीय स्वीकृति प्राप्त न होने पर पुनः पत्राचार करने के निर्देश परियोजना प्रबंधक को दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, नगर निगम आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह, जमरानी बांध परियोजना के उप महाप्रबंधक ललित कुमार सहित यूयूएसडीए, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
