Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान को सफल बनाने के लिए आईजी कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल ने ठोस रणनीति तैयार कर दी है। कुमाऊँ क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए उन्होंने 215 आदतन नशा तस्करों पर विशेष निगरानी का आदेश जारी किया है। इसके लिए प्रत्येक संदिग्ध पर एक-एक उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईजी अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि नशा कारोबारियों की गतिविधियों पर गुप्त निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई संदिग्ध पुनः नशे के कारोबार में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ NDPS Act, PITNDPS Act और Gangsters Act के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि निगरानी की प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय रखी जाए और संदिग्धों की सूची केवल संबंधित अधिकारी को ही उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही प्रत्येक संदिग्ध की आजीविका, रहन-सहन और जीवन स्तर की गहन जांच की जाएगी।
कार्रवाई की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा की व्यवस्था भी की गई है। क्षेत्राधिकारी प्रतिदिन और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर पर प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करेंगे, वहीं हर माह की 10 तारीख तक विस्तृत रिपोर्ट आईजी कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
आईजी अग्रवाल ने साफ संदेश दिया है कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कुमाऊँ पुलिस की यह पहल नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
