Haldwani: नैनीताल पुलिस ने कुख्यात आईटीआई गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित चार आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन पर गैंग चार्ट तैयार कर मुकदमा दर्ज किया और शुक्रवार को शीतल होटल के पास दबिश देकर चारों को दबोच लिया।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर पुलिस ने इस गिरोह को चिन्हित किया था। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग हल्द्वानी क्षेत्र में लगातार मारपीट, फायरिंग, तलवारबाजी, लूटपाट और डराने-धमकाने की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत का माहौल बना रहा था। इसी कारण यह आईटीआई गैंग के नाम से कुख्यात हो गया था।
गैंग का नेतृत्व देवेंद्र सिंह बिष्ट करता था। अन्य सदस्य आदित्य नेगी (25), देवेंद्र सिंह बोरा (22) और नवीन सिंह मेहरा (21) हैं। चारों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी हाल में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में दर्ज मुकदमे की विवेचना थानाध्यक्ष कालाढूंगी कर रहे हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कालाढूंगी विजय मेहता, कांस्टेबल बिनोद कुमार, ललित नाथ और देवेंद्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि चाहे अपराधी कितने भी ताकतवर क्यों न हों, कानून के शिकंजे से बचना नामुमकिन है।

Chief Editor, Aaj Khabar
