Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: आईजी रिद्धिम अग्रवाल का सख्त संदेश, अपराध पर ढिलाई बरतने वाले थाना प्रभारियों पर होगी तुरंत कार्रवाई

Haldwani: आईजी रिद्धिम अग्रवाल का सख्त संदेश, अपराध पर ढिलाई बरतने वाले थाना प्रभारियों पर होगी तुरंत कार्रवाई
शेयर करे-

Haldwani: कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल की अध्यक्षता में आज हल्द्वानी में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुमाऊं रेंज के सभी एसएसपी, एसपी, राजपत्रित अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का निस्तारण, अज्ञात शवों की शिनाख्त, गुमशुदगी, नशा विरोधी अभियान, विवेचना की गुणवत्ता, त्योहारों और छात्रसंघ चुनावों की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

आईजी अग्रवाल ने थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ 24 घंटे के भीतर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने एसएचओ और एसओ को मठाधीश की तरह व्यवहार न करने की नसीहत दी और कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

बैठक के मुख्य बिंदु

  • अज्ञात शवों की शिनाख्त : डीएनए प्रोफाइलिंग, फेस रिकग्निशन व मीडिया सहयोग से पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश।
  • लंबित वाहन एवं एनडीपीएस माल का निस्तारण : तय समयसीमा में नीलामी व डिस्पोजल की प्रक्रिया पूरी करने के आदेश।
  • गुमशुदगी व केस ऑफिसर स्कीम : हर मामले में समर्पित अधिकारी नियुक्त होंगे, खासकर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता।
  • विवेचना की गुणवत्ता : छह माह से अधिक लंबित मामलों और शिकायतों का 15 दिन में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश।
  • त्योहार और चुनाव सुरक्षा : छात्रसंघ चुनाव, नन्दा अष्टमी और वाराफात के दौरान गुंडा तत्वों पर कड़ी नजर और सख्त कार्रवाई के आदेश।

विशेष निर्देश

आईजी ने नन्दा देवी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया और कहा कि हरिद्वार जैसी किसी भी दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी विभागों से सुरक्षा इंतजामों की लिखित जिम्मेदारी तय कराई जाएगी। साथ ही संभावित अपराध स्थलों पर बीडीएस, क्यूआरटी और डॉग स्क्वाड के साथ प्रभावी गश्त के निर्देश दिए गए।

जनता का विश्वास सर्वोपरि

आईजी अग्रवाल ने जनता से जुड़े आर्थिक अपराधों पर सख्ती की बात कही और चिटफंड या धोखाधड़ी में लिप्त व्यक्तियों की सूची तैयार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य के लिए मिशन संवाद कार्यक्रम लागू करने की भी घोषणा की गई।

अंत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुमाऊं में अपराध-मुक्त वातावरण ही सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *