Haldwani: हल्द्वानी में जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सीनियर पुरुष वर्ग जिला क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला जीएनजी और एचसीसी के बीच जीएनजी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जीएनजी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एचसीसी को 86 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर एचसीसी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीएनजी की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 376 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए रणजी खिलाड़ी लक्ष्य राय चंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 136 गेंदों में 8 छक्कों और 22 चौकों की मदद से 193 रनों की विस्फोटक पारी खेली। कुशाग्र कोरंगा ने 60 गेंदों में 74 रन बनाए, जबकि प्रतीक तिवारी ने 30 रनों का योगदान दिया।
एचसीसी की ओर से गेंदबाजी में विशाल खाती ने 2 विकेट लिए, जबकि गौरव, उज्जवल और दीक्षांशु ने एक-एक विकेट हासिल किया।
376 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचसीसी की टीम ने भी दमदार बल्लेबाजी की, लेकिन पूरी टीम 44वें ओवर में 290 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रणजी खिलाड़ी सौरभ रावत ने शानदार 146 रनों की शतकीय पारी खेली। परितोष राणा ने 47 और दीक्षांशु नेगी ने 36 रन बनाए।
जीएनजी की ओर से गेंदबाजी में पृथ्वी गैरा ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। आदित्य रावत ने 2 विकेट लिए, जबकि आकाश, मयंक मिश्रा, लक्ष्य राय चंदानी और पीयूष जोशी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
शानदार बल्लेबाजी के लिए लक्ष्य राय चंदानी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा लक्ष्य राय चंदानी को ही सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार गौरव अधिकारी को मिला।
मैच में अंपायर की भूमिका विजय आर्या और हिमांशु चतुर्वेदी ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में हरप्रीत सिंह कम्बोज मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के महापौर गजराज बिष्ट रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता प्रदीप बिष्ट, एजीएम हल्द्वानी संजय पांडे, एजीएम काठगोदाम गणेश चन्द्र पंत और सीएयू सदस्य राहुल पवार मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै, आनंद बिष्ट, नरेन्द्र अधिकारी, जगमोहन बगड़वाल, संजय चौधरी, लीला कांडपाल, किशन अनेरिया, विजय कुकसाल, त्रिलोक जीना, मोहम्मद रेहान, करन बिष्ट, गजेंद्र सिंह रावत, अमित कांडपाल, मनोज भट्ट, नवीन टम्टा, अमरपाल सिंह, योगेश चौहान, पंकज गुरुरानी, दान सिंह भंडारी, अभिषेक सिंह, नीरज डसीला, विक्रम बोरा, सुरेंद्र कपकोटी, जितेन्द्र सिंह, बी.एल. साह, नंदन बिष्ट और संजय वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
