Haldwani: शहर के पनचक्की चौराहे के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। भोटिया पड़ाव निवासी 69 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की कैंटर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरेश चंद्र पांडे स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। पनचक्की चौराहे से आगे दो नहरिया की ओर बढ़ते समय अचानक पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई और उनका हेलमेट सिर से अलग होकर सड़क पर जा गिरा।
हेलमेट पहने होने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद कुछ देर के लिए व्यस्त सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
यह हादसा केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं, बल्कि एक परिवार के सहारे और उम्मीदों के अचानक टूट जाने की त्रासदी बन गया। 69 वर्ष की उम्र में भी सक्रिय और स्वाभिमानी जीवन जी रहे सुरेश चंद्र पांडे अब अपनों की यादों में ही शेष रह गए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
