Headlines

Roorkee: रुड़की में 20 हजार की लूट के लिए गंगनहर किनारे दोस्त की हत्या, ‘मिस्टर उत्तराखंड 2019’ रह चुका विनायक त्यागी गिरफ्तार

Roorkee: रुड़की में 20 हजार की लूट के लिए गंगनहर किनारे दोस्त की हत्या, ‘मिस्टर उत्तराखंड 2019’ रह चुका विनायक त्यागी गिरफ्तार
शेयर करे-

Roorkee: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने गंगनहर पटरी मार्ग पर मिले ब्लाइंड मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त जैकेट और लूटी गई 20 हजार रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2019 में “मिस्टर उत्तराखंड” का खिताब भी जीत चुका है।

बीती 17 फरवरी की शाम पुराने पीर के पास गंगनहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक के सिर पर पत्थर से कुचले जाने के गहरे निशान मिले। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बाइक भी बरामद हुई।

शव की पहचान घोसीपुरा, मंगलौर निवासी प्रदीप (45) पुत्र हरपाल के रूप में हुई। मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के बाद पुलिस को घटना वाले दिन मृतक के साथ एक अज्ञात युवक बाइक पर जाते हुए दिखाई दिया।

संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस ने देवबंद तिराहे के पास विनायक त्यागी (26) पुत्र विजेंद्र त्यागी, निवासी बरला, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सराय, ज्वालापुर (हरिद्वार) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 17 फरवरी को अपने घर छपार (यूपी) जाने के लिए रुड़की में बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात मृतक प्रदीप से शराब के ठेके पर हुई। दोनों ने रामपुर चुंगी स्थित ठेके से शराब खरीदी और गंगनहर पटरी के पास एक बाग में बैठकर शराब पीने लगे।

आरोपी ने बताया कि बातचीत के दौरान उसे पता चला कि प्रदीप के पास नगदी है। पैसों की तंगी और लालच में आकर उसने नशे की हालत में पहले गला दबाकर प्रदीप को गिराया और फिर पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह उसकी जेब से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी जैकेट और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *