Headlines

Jammu Kashmir: किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी-I के तहत दो आतंकी ढेर, AK-47 समेत हथियार बरामद

Jammu Kashmir: किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी-I के तहत दो आतंकी ढेर, AK-47 समेत हथियार बरामद
शेयर करे-

Jammu kashmir: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया। ऑपरेशन के दौरान आतंकियों के पास से दो AK-47 राइफल सहित भारी मात्रा में युद्धक सामान बरामद किया गया है।

सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईबी और अन्य खुफिया सूत्रों से प्राप्त विश्वसनीय इनपुट के आधार पर किश्तवाड़ क्षेत्र में “ऑपरेशन त्राशी-I” के तहत संयुक्त अभियान शुरू किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय आतंकियों को ट्रैक कर उनका सफाया करना था।

सूचना मिलने के बाद सेना की CIF डेल्टा इकाई ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर कठिन एवं दुर्गम इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रविवार सुबह करीब 11 बजे चटरू के वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच आमना-सामना हुआ, जिसके बाद तीव्र गोलीबारी शुरू हो गई।

सामरिक कौशल और बेहतर तालमेल का परिचय देते हुए सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल पर नियंत्रण स्थापित किया और दो आतंकवादियों को मार गिराया। घटनास्थल से दो AK-47 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। सेना ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश के साथ सख्ती से निपटा जाएगा और आतंकवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

गौरतलब है कि बर्फ से ढके चटरू के जंगल क्षेत्र में पिछले महीने भी सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक सैनिक और एक आतंकी मारा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *