॰ छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की मौत और दूसरा गंभीर
॰ हमले के बाद दक्षिण कश्मीर में हाई अलर्ट घोषित
Jammu Kashmir: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम इलाके में शुक्रवार को आतंकवादियों ने ईंट भट्टे पर काम कर रहे दो प्रवासी मजदूरों पर गोलीबारी कर दी। हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक कुमार की मौत हो गई, जबकि भूपिंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का अनंतनाग सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों ने आने-जाने वाले सभी मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार यह हमला ऐसे समय हुआ है जब दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बल आतंकवाद विरोधी अभियान तेज किए हुए हैं। हाल ही में शोपियां में संयुक्त अभियान के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को मार गिराया गया था। वहीं 29 जुलाई को कुलगाम में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया था।
सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। पूरे दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
