Headlines

Haldwani: पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे प्रकाश जोशी, खरगे की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

Haldwani: पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे प्रकाश जोशी, खरगे की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान
शेयर करे-

Haldwani: कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी नियुक्त होने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी पहली बार हल्द्वानी पहुंचे। कांग्रेस भवन स्वराज आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छों और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

स्वागत समारोह के बाद आयोजित बैठक में 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित जनसभा एवं रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक व्यवस्थाओं, बूथ स्तर तक समन्वय, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण, अनुशासन और उत्साह के साथ जनसभा की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित जनसभा ऐतिहासिक, भव्य और अभूतपूर्व होगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रकाश जोशी जैसे अनुभवी नेता का मार्गदर्शन संगठन को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 8 अगस्त की जनसभा को उत्तराखंड की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जनसभा बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, जया कर्नाटक, हाजी मोहम्मद अकरम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन 8 अगस्त की प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक, भव्य और सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *