Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अखण्ड पाठ में प्रतिभाग किया और गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह आयोजन वीरता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। जलियांवाला बाग हत्याकांड का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने उस अमानवीय अत्याचार का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान और अदम्य साहस का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का प्रतीक है। उनका त्याग देशवासियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं, जो पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
