Mussoorie: मसूरी पेट्रोल पंप स्थित एक रेस्टोरेंट में हरियाणा के कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे युवक और उसके साथियों पर लाठी डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और आते ही उसके तथा उसके साथियों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में अफरा तफरी मच गई और मनीष समेत उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें कुछ युवक हाथों में लाठी डंडे लेकर रेस्टोरेंट के अंदर घुसते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया है। पुलिस फुटेज में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
