॰ मां की सौगंध खाकर बोले हरीश रावत, बोले- नौकरी के बदले पैसा लेना तो दूर चाय तक नहीं पी
Dehradun: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुद पर नौकरी और राजनीतिक पदों के बदले पैसे लेने के लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने अपनी मां की सौगंध खाते हुए कहा कि उन्होंने किसी को नौकरी दिलाने के बदले एक पैसा लेना तो दूर, कभी उसकी चाय या पानी तक नहीं पिया।
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी तीन माताएं हैं। पहली जगत जननी देवी भवानी, जिनकी वह प्रतिदिन पूजा करते हैं, दूसरी धरती मां और तीसरी उनकी जन्मदात्री मां। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में उन्हें बदनाम करने और उनके ऊपर कलंक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट और कुछ अखबारों के माध्यम से उनके खिलाफ एक मुहिम चलाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी किसी को नौकरी देने के बदले पैसा नहीं लिया। बल्कि यदि किसी की मदद की है तो अपने स्तर से की है।
हरीश रावत ने अपने पुराने राजनीतिक विवादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन पर जुमे की नमाज के लिए छुट्टी देने का दुष्प्रचार किया गया और वर्ष 2022 के चुनाव में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने के वादे की बात कही गई, लेकिन इसका अब तक कोई साक्ष्य सामने नहीं आया।
उन्होंने कहा कि आज जिस तरह उन पर कलंक लगाने का प्रयास किया जा रहा है, वह इस कलंक के साथ मरना नहीं चाहते। उन्होंने मां की सौगंध लेते हुए कहा कि यदि उन्होंने किसी चीज के बदले पैसा लिया हो तो उन्हें उनकी मां के दूध को लज्जित करने का श्राप मिले।
हरीश रावत ने जगदंबा से प्रार्थना करते हुए कहा कि जब तक वह अपने ऊपर लगाए जा रहे इस कलंक को धो नहीं देते, तब तक उनकी सांसों को आगे बढ़ाते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक पद दिए जाने के बदले उन्होंने कभी किसी से एक पैसा नहीं लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चंदन सिंह जीना ने लंबे समय तक छाया की तरह उनके साथ सेवा की, लेकिन उनकी जीवनभर की पूंजी सीज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चंदन को अपने बच्चों की पढ़ाई और आजीविका की चिंता है और इस स्थिति ने उनकी चिंता भी बढ़ा दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पास भी इतने साधन नहीं हैं कि वह अपने घर का खर्च आसानी से उठा सकें।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
