Rishikesh: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़कर चेतावनी रेखा से 18 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। बढ़ते जलस्तर के कारण ऋषिकेश के प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट स्थित गंगा आरती स्थल पूरी तरह जलमग्न हो गया, जबकि घाट पर बने सेल्फी पॉइंट भी पानी में डूब गए हैं।
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी संभावित हादसे से बचाव के लिए आपदा राहत दल, एसडीआरएफ और जल पुलिस की संयुक्त टीमें त्रिवेणी घाट समेत विभिन्न घाटों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। घाटों पर तैनात टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के किनारे न जाने की सलाह दे रही हैं।
प्रशासन द्वारा बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और कांवड़ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। तेज बहाव को देखते हुए गंगा में स्नान करने और घाटों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने पर रोक लगाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गंगा से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह का जोखिम उठाने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
