Headlines

Uttarakhand: बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपी नौटियाल ने कबूला जुर्म, एसआईटी की पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

Uttarakhand: बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपी नौटियाल ने कबूला जुर्म, एसआईटी की पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
शेयर करे-

Uttarakhand: बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। चार दिन की पुलिस रिमांड पर रहे मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल ने गहन पूछताछ के दौरान चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार, पहले वह लगातार आरोपों से इनकार करता रहा, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्य सामने रखे जाने के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बदरीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि आरोपी से कई चरणों में पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि बदरीनाथ धाम में हुई चोरी में उसकी भूमिका थी। उसने यह भी माना कि उससे बड़ी गलती हुई है।

SIT की जांच के दौरान आरोपी के सरकारी आवास से नकदी, सोने के आभूषण, शालिग्राम, चांदी की मूर्ति, चांदी का नाग, नेपाली मुद्रा समेत कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए। इससे पहले पुलिस चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट भी बरामद कर चुकी है। इन्हीं बरामदगी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ाई गई।

हालांकि, जांच अभी कई अहम बिंदुओं पर जारी है। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद नौटियाल ने चोरी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है, लेकिन उसने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि वह यह सब किसके कहने पर करता था और इस पूरे मामले में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। SIT अब संभावित सह आरोपियों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद आरोपी को दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है। SIT का कहना है कि यदि आगे की जांच में आवश्यकता हुई तो आरोपी की दोबारा पुलिस रिमांड लेने के लिए अदालत से अनुमति मांगी जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, बदरीनाथ धाम से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। साक्ष्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *