Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा ऊधमपुर जिले के रामनगर क्षेत्र के कागोर्ट गांव के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस एक पहाड़ी मोड़ से गुजर रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
घटना के समय बस एक दूरदराज के गांव से ऊधमपुर की ओर जा रही थी और उसमें कई यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य में हाथ बंटाया और घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और प्रशासन को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
