Champawat: उत्तराखंड के चंपावत जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ पुलिस और वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, रीठा साहिब थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रीठा साहिब क्षेत्र में पुराने थाना बैरियर के पास चेकिंग के दौरान की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोहरा के रूप में हुई है, जो स्कूटी से गुलदार की खाल लेकर लोहाघाट की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से करीब 2 मीटर लंबी गुलदार की खाल बरामद की है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, 200 रुपये नकद और स्कूटी भी जब्त की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने गुलदार को फंदा लगाकर मारा था और उसकी हड्डियों को जंगल में छिपा दिया। आरोपी के मोबाइल से शिकार से जुड़े कई अहम सबूत भी मिले हैं, जिससे तस्करी के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी रेखा यादव ने बताया कि वर्ष 2026 में गुलदार की खाल बरामदगी का यह दूसरा मामला है और पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 नंबर पर दें, ताकि वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
