Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने फर्जी ‘मेजर’ बनकर घूम रहा युवक किया गिरफ्तार, सेना की वर्दी के दुरुपयोग का खुलासा

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने फर्जी ‘मेजर’ बनकर घूम रहा युवक किया गिरफ्तार, सेना की वर्दी के दुरुपयोग का खुलासा
शेयर करे-

Haldwani: काठगोदाम में सेना की वर्दी पहनकर खुद को मेजर बताने वाले एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 18 अप्रैल 2026 को उस समय हुई, जब वॉकवे मॉल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सेना की वर्दी में घूमता हुआ दिखाई दिया।

मामले की जानकारी वादी मेजर अजय पाठक ने दी, जिन्होंने युवक की गतिविधियों और वर्दी पहनने के तरीके पर संदेह होने पर तुरंत पीसी-4 पुलिस टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक से पूछताछ की, लेकिन वह अपने बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सका।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में युवक को थाना काठगोदाम लाया गया।

प्राथमिक जांच में सेना की वर्दी के दुरुपयोग और संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने पर थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा द्वारा वादी की तहरीर के आधार पर थाना काठगोदाम में FIR संख्या 54/26 धारा 168 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमन उर्फ अमन रोमसन (24 वर्ष) निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर बताया। उसने बताया कि उसे सेना के प्रति अत्यधिक आकर्षण था और भर्ती में असफल रहने के कारण उसने सेना की वर्दी पहनकर खुद को मेजर बताना शुरू कर दिया।

फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही युवक से आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट और सीएमपी द्वारा भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *