Headlines

Jammu kashmir: डोडा के खन्नी टॉप पर सेना का बुलेटप्रूफ वाहन 200 फुट खाई में गिरा, 10 जवान शहीद 11 घायल

Jammu kashmir: डोडा के खन्नी टॉप पर सेना का बुलेटप्रूफ वाहन 200 फुट खाई में गिरा, 10 जवान शहीद 11 घायल
शेयर करे-

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिला में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना भद्रवाह–चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस समय हुई, जब सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो ऊंचाई पर स्थित एक अग्रिम चौकी की ओर जा रहे थे। दुर्गम और संकरी पहाड़ी सड़क पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ।

भद्रवाह की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। 10 गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि एक जवान को मामूली चोटें आई हैं और उसका उपचार भद्रवाह अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया। वहीं जीएमसी डोडा से एम्बुलेंस, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें भी मौके पर तैनात की गईं।

इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डोडा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में 10 बहादुर जवानों की शहादत अत्यंत पीड़ादायक है और देश उनके सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए घायलों के सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों की तत्परता की सराहना की।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तैनात जवानों के कठिन और जोखिम भरे कर्तव्य की याद दिलाता है। पूरा देश अपने वीर सपूतों की शहादत को नमन करता है और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *