Headlines

Lalkuan: लालकुआं में वन भूमि अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, ट्रांसपोर्ट नगर में 135 दुकानों पर लगे लाल निशान

Lalkuan: लालकुआं में वन भूमि अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, ट्रांसपोर्ट नगर में 135 दुकानों पर लगे लाल निशान
शेयर करे-

Lalkuan: तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज द्वारा गुरुवार को लालकुआं के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हाईवे के दोनों ओर बने अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। दिनभर चले अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने कुल 135 दुकानों व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाकर उन्हें अतिक्रमण की श्रेणी में चिह्नित किया।

वन कर्मियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित दुकानदार 31 जनवरी तक स्वयं अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित समय सीमा के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से बलपूर्वक अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान जैसे-जैसे दुकानों पर लाल निशान लगाए गए, वैसे-वैसे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मोटर मिस्त्रियों सहित अन्य कारोबारियों में भय और अनिश्चितता का माहौल नजर आया। कई दुकानदार आपस में चर्चा कर आगे की रणनीति और समाधान तलाशते दिखाई दिए।

टांडा रेंज के डिप्टी रेंजर विशन राम आर्य ने बताया कि हाईवे किनारे लंबे समय से वन भूमि पर अवैध रूप से बने प्रतिष्ठानों को हटाने का यह अभियान वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तय समयावधि के बाद किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।

वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद लालकुआं क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *