Rudrapur: किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने रुद्रपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि उनके बेटे सौरभ बेहड़ ने अपने ऊपर हमले की साजिश स्वयं रची थी। विधायक ने इस पूरे प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जनता, पार्टी और समर्थकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
उन्होंने कहा कि सौरभ ने अपने दोस्त इंदर के साथ मिलकर खुद पर हमला कराया। इस मामले का पुलिस द्वारा जल्द ही औपचारिक खुलासा किया जाएगा। विधायक बेहड़ ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे की इस हरकत से उनका सिर शर्म से झुक गया है और वह अब उससे सभी पारिवारिक संबंध समाप्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि बेटे के पत्नी के साथ घरेलू विवाद थे, जिन्हें उसे पहले परिवार के सामने रखना चाहिए था। किडनी दान करने के बाद परिवार में बेटे के प्रति सहानुभूति बनी रही, लेकिन इस साजिश ने भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक कई बार भावुक होकर रो पड़े।
पूरे घटनाक्रम पर उन्होंने पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर रहा है। यह प्रेसवार्ता रुद्रपुर में आयोजित की गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
