Lalkuan: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत नगर पंचायत लालकुआं परिसर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों ने नगर पंचायत द्वारा बढ़ाए जा रहे भवन किराये का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी रयाल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए अधिशासी अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि गरीब परिवारों का किराया किसी भी स्थिति में नहीं बढ़ाया जाएगा और पूर्व निर्धारित दरों पर ही वसूला जाएगा। साथ ही भवनों की जर्जर स्थिति पर उपजिलाधिकारी और संबंधित कार्यदायी संस्था के माध्यम से शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
किसानों ने सिंचाई गूलों की मरम्मत, नई गूलों के निर्माण, अतिक्रमण हटाने और बंद नहरों की सफाई की मांग रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आर्थिकी की मजबूती प्रशासन की प्राथमिकता है और सिंचाई सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को गूलों की सफाई, मरम्मत तथा नई योजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
लो वोल्टेज की समस्या पर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने और सिंचाई व्यवस्था को सुचारु करने हेतु विद्युत व नलकूप विभाग के समन्वय से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन की समयसीमा तय की गई। अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतों पर राजस्व, पुलिस व आबकारी विभाग को संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पेपर मिल से हो रहे प्रदूषण, गोला नदी में भू-कटाव, स्टोन क्रेशर से हो रही परेशानी, पेयजल संकट तथा भूमि मालिकाना हक के मुद्दों पर भी जिलाधिकारी ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन के लिए टेक्नीशियन नियुक्ति का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सैकड़ों लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण पत्र वितरण, आधार कार्ड निर्माण सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।


Chief Editor, Aaj Khabar
