Lalkuan: नगर पंचायत लालकुआँ में विभिन्न विकास कार्यों में संभावित वित्तीय और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं को लेकर बड़ा एक्शन लिया गया है। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस मामले की जांच नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को सौंपी गई है।
शिकायतों में डस्टबिन खरीद में लगभग तीन लाख रुपये की लागत के बावजूद बिना विधिवत निविदा प्रक्रिया अपनाए खरीद किए जाने का आरोप है। इसके अलावा नगर के विभिन्न वार्डों में करीब पांच वर्ष पूर्व बने शौचालयों को ध्वस्त कर दोबारा निर्माण कराने पर भी सवाल खड़े हुए हैं। छठ पूजा स्थल के पुनर्निर्माण कार्य की आवश्यकता और औचित्य को लेकर भी संदेह जताया गया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान शीतकाल में अलाव के लिए लकड़ी की असामान्य खपत और उससे जुड़े भुगतान की पारदर्शिता पर भी गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। इन सभी मामलों को देखते हुए डीएम ने निष्पक्ष, तथ्यात्मक और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जांच अधिकारी को संबंधित टेंडर, स्वीकृति, भुगतान और मापन पुस्तिकाओं की गहन जांच के साथ-साथ कार्यों का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है। साथ ही वित्तीय नियमों और शासनादेशों के अनुपालन की भी पड़ताल की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं

Chief Editor, Aaj Khabar
