Dehradun: देहरादून में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कांवली रोड पर बजरी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े करीब 40 वर्षीय सतेंद्र साहनी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार हादसा सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर हुआ। बताया जा रहा है कि डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
आक्रोशित लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर कांवली रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान भीड़ ने डंपर के शीशे तोड़ दिए और आसपास लगे बैनर-पोस्टर भी फाड़ डाले। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर टायर और लकड़ियां जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मार्ग पर सुबह के समय डंपर तेज रफ्तार में गुजरते हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने, आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी करने और डंपर मालिक व प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
