Nainital: नैनीताल जिले में निजी विद्यालयों की मनमानी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 12 और प्राइवेट स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब तक जिले के कुल 50 निजी विद्यालय प्रशासन के निशाने पर आ चुके हैं।
जारी नोटिसों में आरोप लगाया गया है कि कई विद्यालयों द्वारा एनसीईआरटी पुस्तकों के बजाय महंगे निजी प्रकाशनों की किताबें अनिवार्य कर अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। साथ ही कुछ स्कूलों पर विशेष विक्रेताओं से किताबें और शिक्षण सामग्री खरीदने का अप्रत्यक्ष दबाव बनाने के भी आरोप हैं।
नोटिस प्राप्त करने वाले विद्यालयों में हल्द्वानी, मोटाहल्दू और आसपास के विभिन्न निजी स्कूल शामिल हैं। प्रशासन ने विद्यालयों को 15 दिनों के भीतर संशोधित पुस्तक सूची जारी करने, एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता देने, अतिरिक्त शुल्कों का समायोजन करने तथा वेबसाइट पर शुल्क संरचना और पुस्तक सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ मान्यता निलंबन या निरस्तीकरण सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विकासखंड स्तर पर संयुक्त जांच समितियों का गठन भी कर दिया गया है, जो तय समयसीमा में अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
