Headlines

Dehradun: चम्पावत सामूहिक दुष्कर्म पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का भाजपा सरकार पर हमला, सत्ता संरक्षण में बेटियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

Dehradun: चम्पावत सामूहिक दुष्कर्म पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का भाजपा सरकार पर हमला, सत्ता संरक्षण में बेटियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल
शेयर करे-

Dehradun: चम्पावत में 10वीं की छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और प्रदेश में “रक्षक ही भक्षक” बनते दिखाई दे रहे हैं।

जारी प्रेस नोट में कहा गया कि दोस्त की मेहंदी रस्म में गई छात्रा के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। पीड़िता के पिता ने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष, एक पूर्व प्रधान और एक छात्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र और पूर्व प्रधान आपस में चाचा-भतीजा हैं।

प्रेस नोट के अनुसार, दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने पीड़िता के साथ मारपीट की, उसके हाथ-पैर बांध दिए और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए। देर रात पीड़िता द्वारा घर फोन किए जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर छात्रा को बंद कमरे से बरामद किया गया।

कांग्रेस ने कहा कि यह घटना केवल एक बेटी के साथ अत्याचार नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। पार्टी ने सवाल उठाया कि जब सत्ता से जुड़े लोगों के नाम ऐसे मामलों में सामने आ रहे हैं तो प्रदेश की महिलाएं और बेटियां आखिर किस पर भरोसा करें।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि “बेटी बचाओ” का नारा केवल दिखावा बनकर रह गया है और सत्ता संरक्षण के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पार्टी ने पूछा कि आखिर प्रदेश में बेटियां कब सुरक्षित होंगी।

प्रेस नोट में कांग्रेस ने मांग की कि सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को शीघ्र सख्त सजा दिलाई जाए, पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए तथा राजनीतिक संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।

पार्टी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब चुप नहीं बैठेगी और बेटियों की अस्मिता पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *