Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अप्रैल माह की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में जारी की। राज्य पोषित योजनाओं के 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके चलते हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर समय रहते आवेदन और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष पूर्ण होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
उन्होंने विभाग को पेंशन योजनाओं की आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को नवाचार अपनाने और बुजुर्गों व पेंशनर्स से कॉल सेंटर के माध्यम से नियमित संवाद स्थापित करने को भी कहा।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है।


Chief Editor, Aaj Khabar
