Dehradun: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के बाद उसी मंच का भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा ‘शुद्धिकरण’ किए जाने को शर्मनाक, घृणित और निंदनीय बताया है।
आर्य ने कहा कि यह घटना भाजपा की संकीर्ण और भेदभावपूर्ण मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का कृत्य केवल मल्लिकार्जुन खरगे का नहीं, बल्कि देश के गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों और पीड़ित वर्गों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सामाजिक समरसता, भाईचारे और लोकतांत्रिक चेतना की भूमि रहा है। ऐसे में हल्द्वानी जैसे शहर में इस प्रकार की घटना सामने आना प्रदेश की सामाजिक एकता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने भाजपा नेताओं से समाज को जोड़ने और जाति तथा ऊंच-नीच की दीवारों को समाप्त करने की दिशा में काम करने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ जननेताओं में शामिल हैं। उनका सार्वजनिक जीवन संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा है। ऐसे नेता की जनसभा के बाद मंच का ‘शुद्धिकरण’ सामाजिक बराबरी की भावना का अपमान है।
आर्य ने कहा कि किसी सार्वजनिक स्थान की पवित्रता किसी व्यक्ति की जाति, वर्ग या राजनीतिक विचारधारा से निर्धारित नहीं होती। लोकतंत्र में सार्वजनिक मैदान जनता के होते हैं और वहां विभिन्न राजनीतिक दलों की सभाएं होना लोकतांत्रिक व्यवस्था का सामान्य हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद स्थान को ‘शुद्ध’ करने की कोशिश छुआछूत और ऊंच-नीच जैसी पुरानी कुरीतियों को बढ़ावा देने वाली मानसिकता को प्रदर्शित करती है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है।
यशपाल आर्य ने भाजपा से सवाल किया कि यदि किसी सार्वजनिक मैदान में किसी दलित नेता की सभा के बाद उसे ‘शुद्ध’ करने की आवश्यकता महसूस की जाती है, तो क्या भाजपा नेतृत्व इस मानसिकता का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा इसका समर्थन नहीं करती, तो उसे इस घटना पर अपना स्पष्ट पक्ष जनता के सामने रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति की जाति नहीं, बल्कि उसके विचार, कर्म और संवैधानिक अधिकार महत्वपूर्ण हैं। देश को आगे ले जाने के लिए छुआछूत, भेदभाव और ऊंच-नीच की मानसिकता को पीछे छोड़कर समानता, सम्मान और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
