Jammu: गणतंत्र दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में पाकिस्तान की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने समय रहते नाकाम कर दिया। अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पुलिस, बीएसएफ और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त कार्रवाई में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह हथियारों की खेप घगवाल थाना क्षेत्र के पलूरा गांव में एक पैकेट में लिपटी हुई मिली। गुप्त सूचना के आधार पर बीएसएफ और एसओजी ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रीगल बॉर्डर आउट पोस्ट और आसपास के इलाकों में घात लगाई। इसी दौरान सीमा पार से ड्रोन की गतिविधि देखी गई, जिसके बाद ड्रोन के जरिए एक संदिग्ध पैकेट गिराया गया।
पैकेट गिरते ही सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और हथियारों की खेप को कब्जे में ले लिया। बरामद सामग्री में दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह ड्रोन गतिविधि पाकिस्तान के चक भूरा गांव की ओर से संचालित की गई थी।
सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा आतंकियों और ओवरग्राउंड वर्कर्स के लिए भारतीय सीमा में हथियार भेजने की कोशिश की गई थी, लेकिन सतर्कता के चलते इस मंसूबे को विफल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा हाल ही में जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा समीक्षा बैठक के दो दिन बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने सुरक्षा बलों को आतंकवादी ढांचे और आतंकवाद की फंडिंग को पूरी तरह खत्म करने के निर्देश दिए थे। बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, वरिष्ठ प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे।
गृह मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति स्थापित करने और आतंकवाद के पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है।

Chief Editor, Aaj Khabar
